ऐलनाबाद, 2 फरवरी (सुभाष चौहान)। स्थानीय वार्ड 3 में स्थित जैन मंदिर का वार्षिकोत्सव आज धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जैन श्रद्धालुओं ने भगवान पाश्र्वनाथ की पूजा अर्चना कर भजन-कीर्तन किए। वर्ष 1994 में माघ सुदी दशमी को मंदिर की स्थापना की गई थी। कार्यक्रम में स्व. मोतीलाल डागा के पुत्र प्रदीप डागा ने पूजा अर्चना करवाई गई। इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष मोहनलाल कोचर, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुभाष गोयल, छगनलाल कोचर, सुमेरमल बांठिया, मांगीलाल बोरड़, महेंद्र बोरड़, रतनलाल कोचर, कृष्ण जैन सहित अन्य कई गणमान्यजन व श्रद्धालु भी उपस्थित थे।
जैन मंदिर का स्थापना दिवस मनाया
तय समय सीमा में भी नहीं मिली सूचनाएं
ऐलनाबाद, 2 फरवरी (सुभाष चौहान)। विधि के छात्र अतरसिंह को जनसूचना अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई सूचनाएं तय समय सीमा में भी नहीं मिली है। जिससे आम आदमी के लिए सूचना का अधिकार बेमानी हो गया है। स्थानीय ममेरां रोड़ निवासी विधि के छात्र अतरसिंह ने गत 2 जनवरी को नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट के जनसूचना अधिकारी से उन द्वारा भेजे गए 2531 टेलीग्राफिक पत्रों के संबंध में सूचना मांगी थी। अतरसिंह ने बताया कि उसने गत 20 वर्षों में अपने मौलिक अधिकारों व संवैंधानिक सर्वोच्चता की रक्षा के लिए भारत के महामहिम राष्ट्रपति, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, प्रधानमंत्री, राजस्थान व हरियाणा के महामहिम राज्यपालों सहित अन्य उच्चाधिकारियों को करीब 6475 टेलीग्राफिक पत्र भेजे थे। गत 2 जनवरी को मांगी गई सूचना में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को लिखे 2531 पत्रों पर की गई कार्रवाई का जवाब मांगा था। जो कि जनसूचना अधिकार अधिनियम के तहत तय की गई 30 दिनों की समय सीमा के भीतर उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है। अतरसिंह ने प्रत्येक टेलीग्राफिक पत्र पर फाईल नोटिंग, कार्रवाई रिपोर्ट और उनकी पंजीकृत कॉपियों की मांग की थी। जो टेलीग्राफिक पत्र राष्ट्रपति ने कानून मंत्रालय के द्वारा सर्वोच्च न्यायालय को भेजी है, उन पर कार्रवाई रिपोर्ट, फाईल नोटिंग और उनकी पंजीकृत कॉपियों की भ्ी मांग की थी। अतरसिंह ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बनाई गई पार्टियों और उन द्वारा दिए गए जवाब की भी पंजीकृत कॉपियां मांगी है।
डीएड परीक्षा में छात्राओं ने बाजी मारी
ऐलनाबाद, 2 फरवरी (सुभाष चौहान)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से पिछले सप्ताह घोषित डीएड द्वितीय सैमेस्टर के परीक्षा परिणाम में स्थानीय ममेरां रोड़ स्थित चौ. आरआर मैमोरियल कॉलेज ऑफ एजूकेशन की छात्राओं ने बाजी मारी है। यह जानकारी देते हुए कॉलेज के प्रवक्ता ने बताया कि इस परीक्षा में कॉलेज के शत प्रतिशत विद्यार्थी उतीर्ण हुए हैं। कॉलेज की सुमन भांभू पुत्री देवीलाल भांभू ने 1148 अंक प्राप्त कर कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं यशोदादेवी पुत्री लूणाराम ने 1144 अंक लेकर दूसरा और संदीपकौर पुत्री शैलेंद्रसिंह ने 1139 अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
पूर्व छात्र परिषद की बैठक 5 को
ऐलनाबाद, 2 फरवरी (सुभाष चौहान)। स्थानीय ममेरां रोड़ स्थित चौ. आरआर मैमोरियल कॉलेज ऑफ एजूकेशन की पूर्व छात्र परिषद की आवश्यक बैठक आगामी 5 फरवरी को कॉलेज प्रांगण में रखी गई है। यह जानकारी देते हुए परिषद के अध्यक्ष हनुमान कड़वासरा ने बताया कि बैठक में समाज में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को दूर करने में परिषद की भूमिका तथा एक रक्तदान शिविर भी आयोजित करने पर विचार विमर्श किया जाएगा। कड़वासरा ने कॉलेज के सभी पूर्व विद्यार्थियों से इस बैठक में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।
‘मुँह : हमारे स्वास्थ्य का प्रवेश द्वार’ विषयक कार्यक्रम आयोजित
ऐलनाबाद, 1 फरवरी (सुभाष चौहान)। स्थानीय ममेरां रोड़ स्थित चौ. आरआर मैमोरियल शिक्षण महाविद्यालय में ‘मुँह : हमारे स्वास्थ्य का प्रवेश द्वार’ विषयक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें दंत चिकित्सक डॉ. वेदज्योति गुप्ता ने बच्चों को दांतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दांत हमारे शरीर की अमूल्य निधि है। उन्होंने विद्यार्थियों को दांतों एवं मुँह की बीमारियों के बारे में बताते हुए उनके रोकथाम की भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर महाविद्यालय की चेयरपर्सन सविता सिहाग, प्राचार्य डॉ. सत्यनारायण, प्राध्यापक डॉ. राजकुमार, आशीष पाठक, रामनिवास, महावीर प्रसाद, नरेशकुमार, भवानी शंकर, संतोष बिश्रोई, भूपेंद्रकौर व श्यामलाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे।
विद्यालय के बच्चों ने दी कल्पना चावला को श्रद्धांजलि
ऐलनाबाद, 1 फरवरी (सुभाष चौहान)। खंड के गाँव खारी सुरेरां स्थित कल्पना पब्लिक स्कूल में कल्पना चावला की नौवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि चौ. हरपालसिंह कॉन्वेंट स्कूल के चेयरमैन आत्माराम झोरड़ व विशिष्टातिथि सर्वोदय शिक्षा सदन के चेयरमैन बलवंत सहारण ने विद्यालय में कल्पना चावला के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कल्पना चावला के जीवन पर प्रकाश डाला। विद्यालय के बच्चों ने भी कल्पना चावला के जीवन पर अपने विचार रखे। गौरतलब है कि 1 फरवरी 2003 को भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला की कोलम्बिया अंतरिक्ष यान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक महेंद्र सिहाग, कानूनगो पूर्णचंद सिहाग, ग्राम सरपंच दीपाराम भगत, श्योलाल सिहाग, पंच भादरराम बगडिय़ा, जीसुख सिहाग व विद्यालय स्टाफ के सभी सदस्य व अन्य ग्रामवासी भी उपस्थित थे।
गुरु गोबिंदसिंह जयंति पर अटूट लंगर वरताया
ऐलनाबाद, 5 जनवरी (सुभाष चौहान)। सिखों के दशम गुरु गोबिंदसिंह जी की जयंति के अवसर पर स्थानीय गुरुद्वारा सिंह सभा में चल रहे तीन दिवसीय धार्मिक समागम का गुरुवार को समापन हो गया। इस अवसर पर प्रात: काल से ही सैंकड़ों श्रद्धालु गुरूद्वारा में पहुंचने शुरू हो गए। सुबह अखंड पाठ का भोग डाला गया। इसके उपरांत शब्दकीर्तन हुआ। कार्यक्रम में भाई सबेगसिंह ऐलनाबाद वाले, भाई राजेंद्रसिंह दमदमा साहिब वाले, भाई मनदीपसिंह खालसा दादू वाले तथा बीबी वीरेंद्रकौर खालसा जालंधर वाले ने शबद कीर्तन किया। गुरुद्वारा सिंह सभा को फूलों और रंगीन लाईटों से भव्य ढंग से सजाया गया था। जहां बड़े सवेरे से ही गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेकने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसके साथ गुरूद्वारा में पूरा दिन लंगर चलता रहा।
चौ. आरआर मैमोरियल कॉलेज में वेलकम पार्टी आयोजित
ऐलनाबाद, 5 जनवरी (सुभाष चौहान)। स्थानीय ममेरां रोड़ स्थित चौ. आरआर मैमोरियल कॉलेज ऑफ ऐजुकेशन में गुरुवार को नववर्ष के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसकी मुख्यातिथि विद्यालय प्रबंधन समिति की चेयरपर्सन सविता सिहाग थी। उन्होंने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महाविद्यालय के बीएड संकाय के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुति देकर समां बांधा। मंदीप कौर ने ‘बाबुल मेरीयां गुडिय़ां, तेरे घर रह गईयां’ कोरियोग्राफी प्रस्तुत की वहीं संदीपकौर ने पंजाबी गीत पर नृत्य किया। अनिलकुमार ने नववर्ष के स्वागत में भाषण प्रस्तुत किया। प्रीतिकुमारी और उसकी सहयोगियों ने हरियाणवी नृत्य और रेखा ने अनपढ़ता एक अभिशाप विषयक लघुनाटिका प्रस्तुत की। पूजा और संजीव कुमार ने पंजाबी गिद्धा पर नृत्य किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यातिथि सविता सिहाग ने कहा कि नव वर्ष सभी के लिए नई खुशियों की सौगात लेकर आता है। नव वर्ष नए संकल्पों का दिन होता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत से पढ़ाई करने और उसे समाजहित में लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राध्यापक नरेशकुमार, डॉ. राजकुमार, महावीर प्रसाद, भूपेंद्रकौर, डॉ. संजीवकुमार व भवानीशंकर सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे।
विद्यालयों में दस दिवसीय शीतकालीन अवकाश घोषित
ऐलनाबाद, 5 जनवरी (सुभाष चौहान)। प्रदेश में ठंड के बढ़ते प्रकोप के चलते निदेशक, माध्यमिक स्कूल शिक्षा, पंचकुला ने आज एक आदेश जारी कर प्रदेश भर के सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में 5 जनवरी से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. यज्ञदत्त वर्मा ने बताया कि उन्हें आज सुबह ही यह आदेश मिला है। आदेश सभी विद्यालयों को भिजवाया जा रहा है। आज जिन विद्यालयों में अवकाश नहीं था, उन्होने आदेश मिलते ही विद्यालय में छुट्टी कर दी है। अब आगामी 16 जनवरी को विद्यालय खुलेंगे।
सफेद चादर की आगोश में लिपटा ऐलनाबाद
ऐलनाबाद, 5 जनवरी (सुभाष चौहान)। बुधवार शाम को छाए बादलों के बाद क्षेत्र में हुई हल्की बूंदाबादी के चलते गुरुवार सुबह यहां शीत हवाओं के साथ ही जबरदस्त धुंध छाई हुई थी। जिसके कारण दृश्यता महज 20 मीटर ही रह गई। वहीं पारा भी जमाव बिंदु के निकट पहुंचता प्रतीत हुआ। धुंध के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। हालांकि जिला प्रशासन ने धुंध के दिन विद्यालयों में छुट्टी करने के आदेश जारी कर रखे हैं उसके बावजूद यहां के कई विद्यालय प्रशासन के आदेशों को ठेंगा दिखाते नजर आए। विद्यालयों के वाहन दूर-दराज क्षेत्रों से भी बच्चों को ढोते रहे। वहीं कई विद्यालयों ने अपने ऑटो रिक्शाओं में ही बच्चों को ढ़ोया। ठंड के कारण बाजार भी काफी देर से खुले। बाजारों में ग्राहकी काफी मंंदी रही जिसके चलते लोग ठंड से बचाव के लिए दिनभर अलाव तापते देखे गए।